पिंजौर में घर का ताला तोड़ चोरों ने की लाखों की चोरी, सीसीटीवी डीवीआर भी ले उड़े
पंचकूला के पिंजौर क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला खेडावाली लेही गांव का है, जहाँ बीती रात चोरों के एक गिरोह ने एक घर को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के संबंध में मकान मालिक रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे के साथ पंचकूला के सेक्टर-2 स्थित सतलुज स्कूल में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने बच्चों के साथ ससुराल अंबाला चले गए। अगले दिन 23 नवंबर को जब वे वापस अपने घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य द्वार टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
घर की तलाशी लेने पर पता चला कि चोर अलमारी से सोने की एक चेन, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक सोने का सिक्का और लगभग 55 हजार रुपये नकद चुरा ले गए थे। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसकी डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
