खाना खाने के तुरंत बाद फल खाना पड़ सकता है भारी, जानें डॉक्टर की सलाह
हमारे घरों में अक्सर यह देखा जाता है कि भोजन समाप्त होते ही लोग मीठे के तौर पर फल खाने लगते हैं। सेब, केला या कोई अन्य मौसमी फल खाने की यह आदत भले ही ऊपरी तौर पर सेहतमंद लगे, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे बिल्कुल गलत मानते हैं। उनका कहना है कि भोजन के तुरंत बाद फल खाने से हमारे पाचन तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और शरीर को फायदे की जगह नुकसान झेलना पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, फल बहुत जल्दी पच जाते हैं क्योंकि उनमें प्राकृतिक शर्करा और फाइबर होता है। वहीं, पका हुआ भोजन जैसे कि चावल, रोटी, दाल और सब्जियां को पचने में काफी अधिक समय लगता है। जब भारी भोजन के तुरंत बाद फल खाए जाते हैं, तो फल पेट में पके हुए भोजन के ऊपर ही रह जाते हैं। इससे फलों के पाचन की प्रक्रिया बाधित होती है और वे पेट में ही फर्मेंट (खमीर उठने) लगते हैं, जिससे गैस बनने लगती है।
आयुर्वेद के अनुसार, पके हुए भोजन और फलों का एक साथ सेवन माइक्रोबियल फर्मेंटेशन को बढ़ावा देता है। यह प्रक्रिया शरीर के त्रिदोष – वात, पित्त और कफ – को असंतुलित कर सकती है, जिससे पाचन संबंधी विभिन्न समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस तरह की आदत से एसिडिटी, पेट फूलना, अपच और सीने में जलन जैसी परेशानियां आम हो जाती हैं। इसलिए, सलाह दी जाती है कि भोजन और फलों के बीच कम से कम 2-3 घंटे का अंतराल रखें ताकि दोनों का पाचन ठीक से हो सके और शरीर को उनके पोषक तत्वों का पूरा लाभ मिल सके। यदि आप फलों का अधिकतम लाभ उठाना चाहते हैं, तो उन्हें भोजन से पहले या भोजन के कई घंटे बाद खाना अधिक स्वास्थ्यप्रद है।
