सहारनपुर में फ्लैट बुकिंग के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां फ्लैट बुकिंग के नाम पर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की ठगी की गई। बहुमंजिला इमारत बनाने का वादा कर आरोपियों ने पीड़ित से मोटी रकम ऐंठ ली, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए। मामला कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।nnपीड़ित, विष्णुपुरी निवासी योगेश कुमार बंसल ने कोतवाली नगर क्षेत्र के विष्णुपुरी न्यू माधोनगर निवासी संजय अग्रवाल व अतुल अग्रवाल (जो अब दिवंगत हो चुके हैं) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि संजय और अतुल ने गिल कॉलोनी स्थित अपनी कोठी को ध्वस्त कर एक बहुमंजिला इमारत बनाने और उसमें फ्लैट बेचने की योजना बनाई थी। उन्होंने ‘सोम्या होम्स’ के नाम से एक ब्रोशर भी जारी किया था।nnवर्ष 2021 में, दोनों भाइयों ने दो साल के भीतर फ्लैटों का बैनामा करके कब्जा देने का वादा किया था। योगेश कुमार बंसल ने ब्लॉक नंबर-2 में 1,750 वर्गफुट का तृतीय फ्लैट 98 लाख रुपये में सौदा तय किया। सौदा होने पर, आरोपियों ने बैनामे से पहले 25 लाख रुपये नकद मांगे, और बाकी रकम बैनामे के समय लेने की बात कही। पीड़ित ने आरोपियों के घर जाकर उनके परिवार – सृष्टि, गुंजन अग्रवाल, अर्चित अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल और श्रेया अग्रवाल की मौजूदगी में 25 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोपियों ने भुगतान की गारंटी के तौर पर 25 लाख रुपये का एक अकाउंट पेयी चेक भी दिया था।nnजुलाई 2023 में अतुल अग्रवाल की मृत्यु हो गई। इसके बाद, जब योगेश कुमार बंसल ने अतुल के बच्चों अर्चित और आयुष, तथा अतुल की पत्नी गुंजन अग्रवाल और अर्चित की पत्नी मोनिका अग्रवाल से सौदा किए गए फ्लैट का बैनामा अपने नाम कराने के लिए कहा, तो वे बहाने बनाने लगे। उन्होंने न तो पैसे लौटाए और न ही बैनामा किया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने साजिश रचकर 28 फरवरी 2024 को अपने रिश्तेदारों, अभिनव अग्रवाल (निवासी पीएल शर्मा रोड, बेगम बाग, मेरठ कैंट) और कुमारी समीनी सिंगल (निवासी एटीएस-1 हेमलेट, सेक्टर 104, नोएडा, गौतमबुद्धनगर) को फर्जी बैनामे कर दिए।nnजब योगेश कुमार बंसल ने संजय, गुंजन, मोनिका, अर्चित और आयुष से अपने पैसे वापस मांगे या फ्लैट का बैनामा कराने को कहा, तो उन्होंने गाली-गलौज की और फ्लैट देने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़ित को हड़पी गई रकम वापस मांगने पर जान से मरवा देने की धमकी भी दी गई।nnप्रार्थी ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद, सदर बाजार थाने में पांच महिलाओं सहित कुल नौ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।”
यथोचित कार्रवाई की जाएगी।
