फतेहाबाद: भूना रोड पर खड़ी इनोवा कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
फतेहाबाद के कुलां में भूना रोड पर रविवार शाम एक इनोवा कार में आग लगने की भीषण घटना से अफरा-तफरी मच गई। पंजाब के लुधियाना जिले के मुल्लापुर दाखा निवासी सतपाल सिंह अपने परिजनों के साथ कुलां में रिश्तेदारी में आए हुए थे। शाम करीब साढ़े तीन बजे, जब वे आगे के रिश्तेदारों के पास जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी भूना रोड पर पेट्रोल पंप के पास खड़ी इनोवा कार में अचानक आग लग गई।
घटना के समय कार चालक सतपाल सिंह कार में ही मौजूद थे, जबकि परिवार की महिलाएं बाजार में खरीदारी करने गई हुई थीं। सूत्रों के अनुसार, सतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें अचानक कार के इंजन से अत्यधिक गर्मी महसूस हुई और कुछ ही पलों में कार से धुआं उठने लगा। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग की लपटें इतनी बढ़ गईं कि पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते कार जलकर खाक हो गई।
इस घटना से आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। पेट्रोल पंप से पानी की पाइपें लाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। कार के अंदर रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये की कार जलकर राख हो गई।
