फिरोजाबाद: विवाहिता की मौत मामले में पति सहित पांच पर हत्या का मुकदमा दर्ज
फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के चलते एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गढ़ी दरखपुर निवासी सोनी देवी पत्नी अवनीश यादव की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। मृतका के भाई संदीप यादव ने इस घटना को हत्या बताते हुए अपने जीजा अवनीश यादव सहित पांच लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
संदीप यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन सोनी की शादी 06 जून 2021 को अवनीश यादव से हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे।
भाई का आरोप है कि सोनी के पति अवनीश यादव, सास मुन्नी देवी, ससुर रामदास, जेठ वीनेश यादव और राधा यादव लगातार सोनी से एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। उन्होंने यह भी धमकी दी थी कि जब तक यह रकम नहीं दी जाती, तब तक वह सुरक्षित नहीं रहेगी। तहरीर के अनुसार, ससुराल वाले आए दिन सोनी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया या उसे मजबूर किया गया।
पुलिस ने भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति अवनीश यादव, सास मुन्नी देवी, ससुर रामदास, जेठ वीनेश यादव और राधा यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 80(2) के तहत हत्या और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आयुष्मान कार्ड अभियान में सात विभाग करेंगे सहयोग, बनेगी छूटे हुए परिवारों की सूची
जम्मू तवी एक्सप्रेस का फिरोजाबाद में ठहराव शुरू, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
फिरोजाबाद: मजदूरी करने वाले युवक ने घर में गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
फिरोजाबाद स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज तीन महीने में होगा तैयार
फिरोजाबाद: अमृत नगर विकास से वंचित, जनता त्रस्त
पत्नी से बात के बाद युवक ने की आत्महत्या, मंदिर से घंटा चोरी
