0

लालच पड़ा भारी: 19 लाख गंवाए, ठगों ने दिया एक करोड़ के सोने का झांसा

By Nov 22, 2025

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक बार फिर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यापारी को एक करोड़ रुपये के सोना मात्र 19 लाख रुपये में देने का झांसा देकर ठग लिया गया। यह घटना गोविंदगंज थाना क्षेत्र में हुई, जिसने पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाह के रहने वाले व्यापारी मोहन जी गुप्ता को सस्ते दाम पर सोना बेचने का लालच दिया गया। ठगों के गिरोह ने उन्हें लगभग एक करोड़ रुपये के सोने के बदले मात्र 19 लाख रुपये में सौदा करने का प्रस्ताव दिया। इस प्रलोभन में आकर व्यापारी अपने तीन सहयोगियों के साथ अरेराज स्थित सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे।

मंदिर के पास पहुंचने पर ठगों ने व्यापारी को बातों में उलझाया और फिर रढ़िया गांव के अमरेश पांडेय के घर ले गए। जहां पहले से चार-पांच अन्य ठग मौजूद थे। ठगों ने व्यापारी को सोना दिखाने के बहाने एक कमरे में ले जाया गया। जैसे ही व्यापारी सोना देखने में व्यस्त हुआ, ठग उसके पास रखे 19 लाख रुपये से भरे बैग लेकर फरार हो गए।

हालांकि, व्यापारी के साथ आए सहयोगियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक ठग, संतोष दास को मौके पर ही दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गिरफ्तार ठग से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर फरार चल रहे मुख्य सरगना सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्र ने विश्वास जताया है कि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर ऐसे ठग गिरोहों की सक्रियता को उजागर किया है, जो सस्ते दाम पर कीमती सामान का लालच देकर लोगों को ठग रहे हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें