डीजे पर डांस विवाद में छात्र की गला दबाकर हत्या, शरीर पर मिले सात घाव
ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद: डीजे पर डांस को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने एक इंटरमीडिएट के छात्र की जान ले ली। नगर के मुस्लिम इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले 16 वर्षीय सूरज सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर मिले सात घावों के निशान इस बात का सबूत हैं कि मौत से पहले उसने काफी संघर्ष किया।
यह घटना 2 मार्च को हुई जब सूरज अपनी मौसी के घर फरीद नगर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां डीजे पर डांस करते समय उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। हालांकि, उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे, सूरज अपनी मौसी के घर के लिए मोटर साइकिल से निकला था। फरीदनगर के पास वह बेहोश हालत में सड़क किनारे मिला। राहगीरों की सूचना पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे पहले काशीपुर और फिर मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बीती रात इलाज के दौरान सूरज ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाने के स्पष्ट निशान मिले। इसके अलावा, शरीर पर घसीटने के सात घाव भी पाए गए, जिनसे अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवक ने अपनी जान बचाने के लिए कितनी जद्दोजहद की होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जब शव घर पहुंचा तो मां सुनीता देवी, भाई प्रिंस, अंश और बहन लक्ष्मी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित छात्र की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद के बाद फरीदनगर निवासी कलुआ, शेर सिंह और अर्जुन ने सूरज को बेरहमी से पीटा था और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। उन्होंने बताया कि राहगीरों ने उसके बेटे को सड़क किनारे से उठाकर अस्पताल पहुंचाया था। मां ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, मृतक छात्र के पिता रिंकू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कलुआ, शेर सिंह और अर्जुन सहित दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
