0

मंडला में सराफा व्यापारी पर फायरिंग, जेवरों से भरा बैग लूटा

By Nov 21, 2025

मंडला जिला मुख्यालय से सटे कटरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में गुरुवार रात एक सराफा व्यापारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। आयुषी ज्वेलर्स के संचालक आयुष सोनी पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया और फायरिंग करते हुए उनसे जेवरों से भरा बैग छीन लिया। यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और बदमाश कार में बैठकर फरार हो गए। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने करीब चार से पांच राउंड फायरिंग की। गोली व्यापारी आयुष सोनी के पैर में लगी, जबकि एक गोली उनके कमर के पास से निकल गई। घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर नकाबपोश थे और वारदात को अंजाम देने के बाद एक कार में बैठकर मौके से भाग निकले।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाश एक विटारा कार में सवार होकर आए थे। जैसे ही आयुष सोनी दुकान बंद करके बैग लेकर घर के लिए निकले, चार बदमाशों में से तीन दुकान में घुस गए और बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने कट्टे से गोली चला दी। बैग लूटने के बाद लुटेरे तुरंत कार में बैठकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जिले सहित आसपास के सभी क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई। सूत्रों के अनुसार, सभी लुटेरे मंकी कैप पहने हुए थे और उन्होंने पूरी वारदात को बेहद कम समय में अंजाम दिया। पुलिस वर्तमान में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कार के सुरागों के आधार पर इस गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें