0

दे दे प्यार दे 2 बॉक्स ऑफिस पर छाई, पहले हफ्ते में ही की बंपर कमाई

By Nov 21, 2025

अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह अभिनीत रोमांटिक कॉमेडी ‘दे दे प्यार दे 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। फिल्म को रिलीज हुए एक सप्ताह पूरा हो चुका है और इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 51.10 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। यह आंकड़ा दूसरे वीकेंड से पहले ही फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

फिल्म ने अपने पहले दिन 8.75 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई, जहां क्रमशः 12.25 करोड़ रुपये और 13.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। हालांकि, सोमवार को कलेक्शन में मामूली गिरावट आई, लेकिन मंगलवार को फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ी। सातवें दिन फिल्म ने 3.5 करोड़ रुपये की कमाई की, जो छठे दिन के कलेक्शन के बराबर है। इस तरह, पहले सात दिनों में कुल कलेक्शन 51.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर जहां फिल्म ने हाफ सेंचुरी पूरी कर ली है, वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी 73 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने के करीब है। दुनियाभर में फिल्म ने अब तक 73 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जिसमें 16 करोड़ रुपये का ओवरसीज कलेक्शन और 56 करोड़ रुपये का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन शामिल है।

यह फिल्म 2019 में आई ‘दे दे प्यार दे’ का सीक्वल है। पहली फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में 55.75 करोड़ रुपये कमाए थे और बाद में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर हिट साबित हुई थी। ‘दे दे प्यार दे 2’ में अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह के साथ आर. माधवन और गौतमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इशिता दत्ता, मीजान जाफरी और जावेद जाफरी भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।

फिल्म का निर्देशन अंशुल शर्मा ने किया है और इसे टी-सीरीज व लव फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। पहली फिल्म की कहानी दो ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द घूमती थी जिनके बीच उम्र का काफी अंतर था, लेकिन वे साथ रहने का फैसला करते हैं। सीक्वल में इस कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जहां रकुल का किरदार अपने प्यार को अपने माता-पिता से मिलवाता है, जिससे कई मजेदार और भावनात्मक पल सामने आते हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें