मधुबनी: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद
मधुबनी के लौकही थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर जहां फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ भी अभियान चलाया गया है।
नरहिया थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बनगामा उत्तरी वार्ड 14 में छापेमारी की। इस दौरान नीतेश कुमार मुखिया नामक व्यक्ति को फायरिंग कर लोगों में भय फैलाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। घटनास्थल से एक खोखा भी जब्त किया गया है। फुलपरास एसडीपीओ अमित कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी पुलिस सक्रिय रूप से काम कर रही है।
एक अन्य घटना में, लौकही थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम करियौत–बनटोल मार्ग पर गश्त के दौरान एक बाइक को रोका। पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर बाइक को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेत की ओर भाग निकला। पुलिस ने जब जब्त की गई बाइक की तलाशी ली तो उसमें से 54 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ शराबबंदी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
