जमशेदपुर में तीन अपराधी हथियार संग दबोचे, चार फरार, बड़ी वारदात की थी योजना
जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने और किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बनाते तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी परसुडीह थाना क्षेत्र से हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खासमहल मूरूप मैदान के पास कुछ अपराधी हथियार के साथ जुटे हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने तीन आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया। हालांकि, चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहनवाज, राहुल कुमार और बिट्टू शर्मा के रूप में की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में शहनवाज, राहुल कुमार और बिट्टू शर्मा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि फरार हुए चार आरोपियों, जिनकी पहचान अब्दुल रेहान, शिवम शर्मा, देव बेहरा और लेदा के रूप में हुई है, उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस इन फरार आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश बना रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस गिरफ्तारी से शहर में होने वाली किसी बड़ी आपराधिक घटना को टालने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
