हत्या का आरोपी विशाल कुमार अमेरिका-कनाडा सीमा पर गिरफ्तार, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी
अमेरिका-कनाडा सीमा पर विदेशी धरती पर भारत के एक वांछित हत्यारोपी को गिरफ्तार किया गया है। 22 वर्षीय भारतीय नागरिक विशाल कुमार को अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (CBP) अधिकारियों ने पीस ब्रिज सीमा पर उस समय दबोच लिया जब वह फर्जी नाम और जन्मतिथि का इस्तेमाल कर कनाडा में घुसने की फिराक में था।
सूत्रों के अनुसार, विशाल कुमार 2024 में अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था और उसने शरण के लिए आवेदन किया था, लेकिन बाद में वह साक्षात्कार में शामिल नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान वह अपनी पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था। हालाँकि, जब उसने कनाडा की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो सीबीपी अधिकारियों ने उसे रोक लिया।
बायोमेट्रिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए, अधिकारियों ने तुरंत उसकी फर्जी पहचान का भंडाफोड़ कर दिया। जांच में यह भी पता चला कि विशाल कुमार भारत में एक गंभीर हत्या के मामले में वांटेड था, जिसके संबंध में इंटरपोल ने रेड नोटिस भी जारी कर रखा था।
गिरफ्तारी के बाद, विशाल कुमार को आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन/प्रवर्तन निष्कासन परिचालन (ICE/ERO) के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। वर्तमान में वह न्यूयॉर्क के बटाविया स्थित फेडरल जेल में बंद है। अधिकारियों ने बताया कि उसे जल्द ही भारत प्रत्यर्पित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच प्रभावी सहयोग का एक उदाहरण है।
