जमीन हड़पने की नीयत से दिव्यांग युवक का अपहरण, 6 माह बाद पुलिस ने किया मुक्त
गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में जमीन हड़पने के इरादे से एक मानसिक रूप से दिव्यांग युवक का अपहरण कर लिया गया था। युवक पिछले करीब छह महीनों से बंधक बना हुआ था। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल बरामद कर लिया है और उसे उसके मामा के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के सुगौली गांव निवासी 22 वर्षीय अंकित कुमार सोनी, जो मानसिक रूप से दिव्यांग हैं, अपनी मां के निधन के बाद से अपने मामा पप्पू कुमार के साथ बरौली थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में रह रहे थे। करीब छह माह पूर्व अंकित कुमार सोनी अचानक लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चला।
इस मामले में अंकित कुमार के मामा पप्पू कुमार ने बरौली थाना में अपने दिव्यांग भांजे के अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अंकित कुमार सोनी को उनके पट्टीदार मुन्ना प्रसाद के कहने पर प्यारेपुर गांव निवासी रवि तिवारी के घर में बंधक बनाकर रखा गया है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रवि तिवारी के घर पर छापेमारी की और वहां से अपहृत दिव्यांग युवक अंकित कुमार सोनी को बरामद कर लिया। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने बुधवार को अंकित कुमार को उनके मामा पप्पू कुमार को सौंप दिया।
दिव्यांग युवक के मामा ने आरोप लगाया है कि अंकित के पिता भी दिव्यांग हैं और मां की मृत्यु के बाद से वह उनके साथ रह रहा था। लेकिन उसके पट्टीदारों को जमीन हड़पने की लालच ने रवि तिवारी के साथ मिलकर उसके भांजे का अपहरण कराया और उसे एक कमरे में कैद कर रखा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपहरणकर्ता जमीन की रजिस्ट्री कराने का भी प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। साथ ही, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके और उन्हें भी कानून के कठघरे में खड़ा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
