0

ट्रंप ने खशोगी हत्याकांड पर सऊदी प्रिंस को दी क्लीन चिट, खुफिया रिपोर्ट को किया खारिज

By Nov 19, 2025

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या के मामले में क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह बयान सीआईए के निष्कर्ष के विपरीत है, जिसने प्रिंस को हत्या का जिम्मेदार ठहराया था।

2018 में तुर्किये में खशोगी की हत्या के बाद अमेरिका-सऊदी अरब के रिश्तों में खटास आ गई थी। सूत्रों के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि ‘वह कुछ नहीं जानते। चीजें होती रहती हैं।’ यह बयान सीआईए के उस निष्कर्ष के उलट है, जिसमें अमेरिकी खुफिया एजेंसी का मानना है कि सऊदी क्राउन प्रिंस ने हत्या की मंजूरी दी थी।

सऊदी क्राउन प्रिंस इस हत्याकांड के सात वर्ष बाद व्हाइट हाउस पहुंचे, जहां ट्रंप ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत की। इसी दौरान एक पत्रकार ने उस सवाल को उठाया, जिसमें अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने यह निष्कर्ष निकाला था कि क्राउन प्रिंस ने खशोगी की हत्या का आदेश दिया था। इस सवाल पर ट्रंप ने गुस्से वाले भाव में पूछा, ‘आप किसके साथ हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आप किसी ऐसे व्यक्ति का जिक्र कर रही हैं, जो बेहद विवादास्पद था।’

ट्रंप ने पत्रकार हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा, ‘कई लोगों को वह व्यक्ति पसंद नहीं था। चाहे आप उन्हें पसंद करें या न करें, घटनाएं होती हैं। लेकिन वह इसके बारे में कुछ नहीं जानते थे। आप इस तरह का सवाल पूछकर हमारे मेहमान को शर्मिंदा न करें।’ जबकि सऊदी क्राउन प्रिंस ने कहा कि खशोगी हत्याकांड की जांच के लिए सभी कदम उठाए गए थे।

ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस का सैन्य सम्मान के साथ स्वागत किया और व्हाइट हाउस में उनके लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। इसमें कई वैश्विक उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। व्हाइट हाउस ने बताया कि ट्रंप और सऊदी क्राउन प्रिंस ने कई ऐतिहासिक समझौतों को अंतिम रूप दिया है, जो दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करेंगे।

दोनों देशों के बीच परमाणु ऊर्जा, रक्षा, क्रिटिकल मिनिरल्स और एआइ समेत कई क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। राष्ट्रपति ट्रंप ने एफ-35 लड़ाकू विमानों समेत एक बड़े रक्षा बिक्री पैकेज को मंजूरी दी है। 300 अमेरिकी टैंक की खरीद का भी समझौता किया गया। सूत्रों के अनुसार, क्राउन प्रिंस ने अमेरिका में एक ट्रिलियन डालर के निवेश की घोषणा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने सऊदी अरब को प्रमुख गैर-नाटो सहयोगी का दर्जा भी देने की घोषणा की है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें