AIMIM विधायक तौसीफ आलम पर नामांकन में जानकारी छिपाने का आरोप, जांच की मांग से सियासी हलचल
बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र से एआईएमआईएम के नवनिर्वाचित विधायक तौसीफ आलम के खिलाफ नामांकन के शपथ पत्र में जानकारी छिपाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। सूत्रों के अनुसार, आसिफ अकरम नामक एक व्यक्ति ने किशनगंज के निर्वाची पदाधिकारी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि विधायक तौसीफ आलम ने अपने शपथ पत्र में बच्चों के नाम का उल्लेख नहीं किया है।
शिकायत में कहा गया है कि विधायक के दो बेटियां और एक बेटा है, जिनका जिक्र नामांकन पत्र में आश्रित संतान के रूप में नहीं किया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि तौसीफ आलम पहले भी चार बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने शपथ पत्र में इसका विवरण नहीं दिया और न ही पेंशन प्रमाण पत्र का जिक्र किया, जो नियमों का उल्लंघन है।
शिकायतकर्ता ने निर्वाची पदाधिकारी से मामले की जांच करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत की प्रति निर्वाचन आयोग, पटना, बिहार और जिला पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी, किशनगंज को भी भेजी गई है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, विधायक तौसीफ आलम ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा कि चुनाव में हार से बौखलाए कुछ लोग इस तरह के झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में उन्होंने कुछ भी नहीं छिपाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने आइटीआर भी संलग्न किया है, जिसमें उनके परिवार के सदस्यों, बच्चों और आय से संबंधित सभी जानकारी दी गई है। उनका कहना है कि हलफनामे में जानकारी दर्शाने की आवश्यकता नहीं थी क्योंकि यह पहले ही आइटीआर में शामिल थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग इस मामले की जांच करेगा।
इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की जांच पर टिकी हैं।
