मुजफ्फरपुर में एक किलो हेरोइन संग महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, जेल से संचालित हो रहा था रैकेट
मुजफ्फरपुर जिले में एसटीएफ नारकोटिक्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बैरिया इलाके में नाकेबंदी के दौरान एक महिला समेत दो हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 1016 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र के राजेश्वर पंडित और भवानीपुर बाजार की पूनम देवी के रूप में हुई है।
यह मादक पदार्थ मणिपुर से लाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश भेजा जाना था। सूत्रों के अनुसार, इस तस्करी का पूरा जाल मोतिहारी जेल में बंद एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हरिनाथ राय द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वे हेरोइन को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से अहियापुर थाना अंतर्गत बैरिया बस स्टैंड की तरफ ले जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ा गया।
सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार महिला पूनम देवी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध नकरदेई थाना (पूर्वी चंपारण) में इसी साल मार्च में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और वह पहले भी मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। पुलिस अन्य थानों से संपर्क कर उसके पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
पुलिस ने इस मामले में छह आरोपितों को नामजद किया है, जिनमें एक मणिपुर, एक उत्तर प्रदेश और चार बिहार के निवासी हैं। पुलिस को गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के दौरान कई अन्य मादक पदार्थ तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। विशेष टीम स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस रैकेट के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है। इस संबंध में अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इनसे मिली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।
