जम्मू जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी की कैंसर से मौत
जम्मू की सेंट्रल जेल कोट भलवाल में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी सीता राम की उपचार के दौरान मौत हो गई। मोहरा सनाल, ऊधमपुर निवासी सीता राम कई महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और बख्शी नगर स्थित कैंसर इंस्टीट्यूट में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान उनकी हालत नाजुक हो गई, जिसके बाद उन्हें जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसी) में भर्ती कराया गया था।
जेल प्रशासन के अनुसार, रविवार को कैदी की तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। सीता राम को 19 मई 2025 को मेडिकल ऑफिसर, सेंट्रल जेल जम्मू कोट भलवाल की सलाह पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और आगे के प्रबंधन के लिए जीएमसी जम्मू में स्थानांतरित किया गया था। बाद में, उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें कैंसर इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया था, जहां वे उपचाराधीन थे।
अधिकारियों ने बताया कि सीता राम वर्ष 2011 में थाना पंचैरी में दर्ज एक हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे। उन्हें अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वह कोट भलवाल जेल में अपनी सजा काट रहे थे।
इस घटना के संबंध में, एसएचओ घरोटा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जेल में किसी भी कैदी की मौत के मामले में निर्धारित नियमों के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर एक अलग जांच की जाती है। यह जांच सुनिश्चित करती है कि मौत के कारणों का सही पता लगाया जा सके और यदि कोई लापरवाही हुई हो तो उसकी पहचान की जा सके।
