लोकप्रिय गायक ह्यूमेन सागर की माँ के गंभीर आरोप, प्रबंधक पर लगाया शोषण का इल्जाम
लोकप्रिय ओडिया गायक ह्यूमेन सागर के आकस्मिक निधन ने संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है। इस दुखद घटना के बीच, गायक की माँ, शेफाली सुना, ने अपने बेटे की मौत के लिए उसके मैनेजर और इवेंट आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। माँ का दावा है कि ह्यूमेन सागर की तबीयत खराब होने के बावजूद, उन्हें लगातार स्टेज पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई।
शेफाली सुना ने कहा, “मेरे बेटे की तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन उसे आराम करने नहीं दिया गया। उसे लगातार काम करने के लिए मजबूर किया गया, जिसके कारण उसकी हालत इतनी गंभीर हो गई कि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।” उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की ओर से इलाज में कोई लापरवाही नहीं हुई, लेकिन बेटे को आराम न मिलने से वह बेहद आहत हैं।
माँ ने न्याय की मांग करते हुए कहा, “मैं अपने बेटे के साथ हुए अन्याय के लिए न्याय चाहती हूँ। जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।” उन्होंने सीधे तौर पर ह्यूमेन सागर के मैनेजर और इवेंट आयोजकों को अपने बेटे की बिगड़ती सेहत का जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार, “मेरे बेटे का शोषण किया गया। उसे गंभीर हालत में भी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मजबूर किया गया। मैं पैसे के लिए कभी भीख नहीं मांगी। मुझे मेरे बेटे के लिए न्याय चाहिए।”
हालांकि, ह्यूमेन सागर के मैनेजर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मैनेजर का कहना है कि गायक के लीवर की बीमारी ठीक हो गई थी, लेकिन उन्होंने समय पर दवा नहीं ली और अपनी सेहत का ध्यान नहीं रखा। मैनेजर के अनुसार, “ह्यूमेन सागर के लीवर की बीमारी ठीक हो गई थी। हालांकि, उन्होंने दवाइयां ठीक से नहीं लीं और अपनी सेहत की उपेक्षा की।”
बता दें कि 34 वर्षीय ह्यूमेन सागर का सोमवार शाम भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले 72 घंटों से गंभीर हालत में थे और डॉक्टरों ने उन्हें उन्नत जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। अस्पताल से आई इस खबर ने उनके प्रशंसकों, परिवार और संगीत उद्योग के सदस्यों को गहरा सदमा पहुंचाया है। ह्यूमेन सागर का जाना पूरे ओडिया संगीत उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति है।
नाबालिग तस्करी: NIA ने 10 तस्करों पर कसा शिकंजा, देह व्यापार में धकेलने का आरोप
गायिका श्रेया मिश्रा का गायक ह्यूमने सागर पर गंभीर आरोप, मौत के बाद दावा वायरल
शांतिपल्ली वासियों को जल्द मिलेंगे अपने घर, हाईकोर्ट ने हटाई बाधाएं
34 वर्षीय गायक ह्यूमन सागर का निधन, मल्टी-ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम बनी मौत की वजह
ओडिया संगीत जगत में शोक की लहर: युवा गायक ह्यूमेन सागर का 34 की उम्र में निधन
