रोहिणी आचार्य के अपमान पर तेज प्रताप का कड़ा प्रहार, ‘जयचंदों’ को दी चेतावनी
लालू परिवार में चल रही अंदरूनी कलह अब सार्वजनिक रूप ले रही है। राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि राजद की चुनावी हार के बाद परिवार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल ही में, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी और छपरा संसदीय सीट से उम्मीदवार रोहिणी आचार्य ने परिवार से नाता तोड़ने और राजनीति छोड़ने का भावनात्मक एलान किया था।
इस एलान के बाद, तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन के समर्थन में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर कहा, “हम किसी भी हालत में अपनी बहन का अपमान बर्दास्त नहीं करेंगे, जयचंदों को इस दुर्व्यवहार का परिणाम जरूर चुकाना पड़ेगा।”
तेज प्रताप ने आगे कहा कि रोहिणी आचार्य के साथ जो दुर्व्यवहार किया गया है, उसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा, “मेरे साथ जो हुआ, वह मैं सह गया, लेकिन मेरी बहन के साथ जो अपमान हुआ, वह किसी भी हाल में असहनीय है। सुन लो जयचंदों, परिवार पर वार करोगे तो बिहार की जनता तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी।”
इससे पहले भी तेज प्रताप ने रोहिणी आचार्य के समर्थन में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी बहन का जो अपमान करेगा, उस पर कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलेगा। तेज प्रताप ने रोहिणी आचार्य के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक मां, एक महिला और एक बहन के तौर पर उन्होंने जो सराहनीय काम किया है, वह शायद ही कोई और कर सकता है। उन्होंने रोहिणी को पूजनीय बताया और कहा कि उनका नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार की राजनीति में राजद की चुनावी हार के तुरंत बाद लालू परिवार में यह बड़ी फूट सामने आई है। रोहिणी आचार्य की आक्रामक और भावनात्मक पोस्ट ने परिवार के भीतर गहरे संकट को उजागर कर दिया है। ऐसे समय में जब राजद चुनावी हार, नेतृत्व असंतुलन और संगठनात्मक बिखराव जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, परिवार के अंदर की यह कलह पार्टी के लिए और अधिक मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
