22 दिनों से सऊदी में फंसे प्रवासी मजदूर विजय का शव, परिवार ने लगाई गुहार
झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड की मधगोपाली पंचायत के दुधपनिया गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। प्रवासी मजदूर विजय का शव पिछले 22 दिनों से सऊदी अरब में पड़ा हुआ है। विजय की मौत 24 अक्टूबर को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में गोली लगने से हुई थी। इस खबर से मृतक के परिजनों में गहरा सदमा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक विजय की पत्नी बसंती देवी अपने पांच वर्षीय पुत्र ऋषि और तीन वर्षीय पुत्र रोशन के साथ बेसहारा हो गई है। परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है और घर में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। हर दिन वे पति और पिता के शव के भारत आने का इंतजार कर रहे हैं। पत्नी बसंती देवी बार-बार सरकार से गुहार लगा रही है कि उनके पति के शव को सऊदी अरब से जल्द से जल्द वापस लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, विजय सऊदी अरब में हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। 15 अक्टूबर को उसने अपने परिवार को एक वॉयस मैसेज भेजा था, जिसमें उसने बताया था कि पुलिस किसी और पर गोली चला रही थी, लेकिन गलती से गोली उसे लग गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया।
इस मामले पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की एक बड़ी आबादी विदेश में काम करने के लिए जाती है और ऐसी दुर्घटनाओं के बाद मुआवजा और शव वापस लाना एक बड़ी समस्या बन जाती है। अक्सर महीनों तक शव विदेश में पड़े रहते हैं और परिवार गहरे सदमे और आर्थिक तंगी से गुजरता है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि विजय के शव को जल्द से जल्द सऊदी अरब से भारत लाया जाए और परिवार को उचित मुआवजा भी प्रदान किया जाए, ताकि वे इस मुश्किल घड़ी से उबर सकें।
