अक्षय कुमार पर ‘जॉली एलएलबी 3’ एक्टर का दावा: ‘मेरा रोल काट दिया था’
सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है। अक्षय कुमार, अरशद वारसी और गजराज राव जैसे मंझे हुए कलाकारों से सजी इस फिल्म ने अपनी कहानी और दमदार अभिनय से व्यावसायिक सफलता हासिल की थी।
ओटीटी रिलीज के बाद, इस फिल्म के एक साइड रोल कलाकार, आयुष, जो एक होस्ट भी हैं, ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि थिएटर्स रिलीज के दौरान अक्षय कुमार ने उनका रोल काट दिया था। आयुष के अनुसार, फिल्म में उनका लगभग 3 सेकंड का एक छोटा सा सीन था, जो अब ओटीटी रिलीज में शामिल किया गया है, लेकिन सिनेमाघरों में यह दृश्य दर्शकों को देखने को नहीं मिला था।
आयुष ने वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहा, “मैंने सुना था कि अक्षय पाजी रोल काट देते हैं, आज देख भी लिया। माना कि मैं सुंदर दिखता हूं पाजी, मेरा रोल क्यों काटा?” उन्होंने आगे दर्शकों को फिल्म देखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, “खैर ये सब छोड़िए, ओटीटी पर जाइए और ‘जॉली एलएलबी 3’ को वॉच करें, मेरा 3 सेकेंड से कम का रोल भी मिस न करें।”
आयुष के इस दावे ने मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी है और अक्षय कुमार एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। हालांकि, आयुष ने पूरे वीडियो में अपनी बात हल्के-फुल्के अंदाज में रखी और अक्षय कुमार पर किसी भी तरह का सीधा आरोप नहीं लगाया है। यह घटना फिल्म उद्योग में अक्सर होने वाली चर्चाओं को फिर से हवा देती है, जहां कई बार स्टार्स पर अपने सह-कलाकारों के सीन काटने के आरोप लगते रहे हैं।
