0

गुमला में नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने तीन आरोपी गिरफ्तार

By Nov 17, 2025

गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की एक सनसनीखेज घटना ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें गुमला जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पीड़िताएं सिसई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। वे सिसई में आयोजित जतरा देखने गई थीं। शाम ढलने के बाद जब वे अपने रिश्तेदार के घर पैदल लौट रही थीं, तभी पीछे से स्कूटी पर आए एक युवक ने उन्हें गांव छोड़ने की बात कहकर स्कूटी पर बिठा लिया। अंधेरा होने का फायदा उठाते हुए आरोपित उन्हें आताकोरा गांव के पास एक सुनसान पतरा वाली जगह पर ले गया।

वहाँ पहुँचकर युवक ने स्कूटी रोकी और अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद, कुल 5 से 6 युवकों ने मिलकर दोनों नाबालिग बहनों के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर दोनों बहनें अपने रिश्तेदार के घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई।

अगले दिन, पीड़िताओं की मां ने भरनो थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गुमला ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने सक्रियता से छापेमारी की और रविवार रात को तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भरनो के आताकोरा गांव निवासी विश्वास उरांव (19), डाडकेशा सरना टोली निवासी बीरबल उरांव (21) और डाडकेशा अम्बा टोली निवासी प्रकाश उरांव (19) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में कुल 5 से 6 युवक शामिल थे। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थाना प्रभारी कंचन प्रजापति, एसआई अभिनंदन कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About Amit Sagar

Journalist covering latest updates.

साझा करें