आगरा: रेस्टोरेंट संचालक से चौथ मांगने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
आगरा में व्यापारियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के सिकंदरा थाना क्षेत्र में भदौरिया स्वीट एवं रेस्टोरेंट के संचालक ज्ञानेंद्र सिंह से रंगबाज युवक द्वारा चौथ मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बिट्टू उर्फ विशाल तोमर निवासी रुनकता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है, जिससे उसकी आपराधिक मंशा स्पष्ट होती है।
जानकारी के अनुसार, रुनकता निवासी ज्ञानेंद्र सिंह की किरावली मोड़ पर भदौरिया स्वीट के नाम से दुकान और रेस्टोरेंट है। पीड़ित ने सिकंदरा थाने में आरोपी बिट्टू उर्फ विशाल तोमर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी आए दिन उससे चौथ की मांग करता था और मना करने पर व्यापार न चलाने तथा सिर में गोली मारकर जान से मारने की धमकी देता था। नौ नवंबर को भी उसने इसी तरह की धमकी दी थी, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
सिकंदरा पुलिस ने रविवार रात अटूस के पास स्थित अंसल कालोनी से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के पसीने छूट गए। सूत्रों के अनुसार, आरोपी बिट्टू उर्फ विशाल तोमर पहले भी लूट और अपहरण जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आगरा और हाथरस थाने में कुल सात मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।
इस घटना के बाद से व्यापारी और उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि धमकी देने वाला आरोपी अपराधी किस्म का है और जेल से छूटने के बाद कभी भी उनकी जान ले सकता है। व्यापारियों में इस बात को लेकर रोष है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जाती, जिससे वे निर्भय होकर अपना व्यवसाय कर सकें।
