‘भाई को त्यागा, परिवार नहीं’, रोहिणी आचार्य का तेजस्वी पर तीखा वार, मुंबई रवाना
बिहार की सियासत में इन दिनों पूर्व राजद नेता रोहिणी आचार्य के बयानों से भूचाल आया हुआ है। लालू परिवार में कथित दरार के बीच रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर मीडिया से बात करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की और अपने भाई तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने सिर्फ अपने भाई को त्यागा है, जबकि उनके माता-पिता और बहनें पूरी तरह उनके साथ हैं।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए रोहिणी आचार्य ने बताया कि जो भी उन्हें कहना था, वह उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्पष्ट रूप से कह दिया है और उन्होंने किसी भी तरह का झूठ नहीं बोला है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अब इन सवालों के जवाब तेजस्वी यादव, संजय यादव और रमीज से पूछे जाने चाहिए। रोहिणी ने यह भी बताया कि उनके पिता हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं।
रोहिणी आचार्य ने भावुक होते हुए कहा कि उनके माता-पिता और बहनें कल उनके लिए रो रही थीं और वह खुद को बहुत खुशनसीब मानती हैं कि उन्हें ऐसा परिवार मिला। उन्होंने आगे कहा, “जिस घर में भाई हो तो उस घर में भाइयों का भी योगदान होना चाहिए। क्या सारा बलिदान बेटी ही दे? और बेटी जब कुछ सवाल पूछे, तो आप बोल दें कि तुम ससुराल जाओ, तुम्हारी शादी हो गई है।”
अपने बयानों के बाद रोहिणी आचार्य ने बताया कि वह अब अपने ससुराल मुंबई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके ससुराल वाले उनकी चिंता कर रहे हैं और उन्हें वापस बुलाया है। उनकी सास भी बीते दिन से काफी परेशान हैं। लालू परिवार के भीतर चल रही इस खींचतान ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है, जहां सभी की निगाहें इस घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
