सीतामढ़ी: सदर अस्पताल से लापता बच्चा 72 घंटे बाद सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता महिला की तलाश तेज
सीतामढ़ी। सदर अस्पताल से रहस्यमय तरीके से गायब हुए दो वर्षीय बच्चे सूर्या कुमार को 72 घंटे की गहन खोजबीन के बाद आखिरकार डुमरा थाना क्षेत्र स्थित हवाई अड्डा मैदान से सकुशल बरामद कर लिया गया है। बच्चे के मिलने से जहां परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं पुलिस अब बच्चे का अपहरण करने वाली महिला की तलाश में जुट गई है।
यह घटना परिहार थाना क्षेत्र के धामी टोला निवासी अजय मलिक के परिवार से जुड़ी है। अजय मलिक अपनी पत्नी चांदनी कुमारी और बच्चों के साथ 14 नवंबर को अपनी बीमार पुत्री का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचे थे। उनकी बेटी को पीकू वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उनका दो वर्षीय पुत्र सूर्या कुमार अस्पताल परिसर में खेल रहा था। अजय मलिक ने बताया कि वे मात्र 10 मिनट के लिए बाहर गए और जब लौटे तो बच्चा वहां नहीं था। बच्चे के गायब होने के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने हर जगह खोजबीन की, लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बच्चे के गायब होने के तीन दिन बाद भी कोई ठोस सुराग न मिलने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार की दोपहर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने लगातार पुलिस और अस्पताल प्रशासन पर उदासीनता और लापरवाही का आरोप लगाया। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और आक्रोशित लोगों ने करीब एक घंटे तक सदर अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। नगर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने सदर अस्पताल में घूम रहे पांच संदिग्ध बिचौलियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की।
सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों में पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश में जुट गईं। पुलिस की तत्परता और लगातार छापेमारी के बाद देर शाम बच्चे को डुमरा थाना क्षेत्र स्थित हवाई अड्डा मैदान से बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और उस महिला की तलाश में जुटी है जिसने बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
