गाजीपुर: बाइक जब्त होने पर ASP आवास पर युवक का आत्मदाह का प्रयास
गाजीपुर में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी बाइक जब्त होने से नाराज होकर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के आवास पर खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात एक जांबाज होमगार्ड ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे बचा लिया। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के रिवरबैंक कॉलोनी, पत्थर घाट निवासी रामविलास यादव शनिवार देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक के आवास पर पहुंचा। उसने जबरन बाउंड्री के अंदर प्रवेश किया और सीधे आवास के भीतर जाने का प्रयास करने लगा। कोतवाली के अधऊ निवासी होमगार्ड रामवृक्ष कुशवाहा, जो उस समय ड्यूटी पर तैनात थे, ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन रामविलास नहीं माना और अपने पास रखी बोतल से ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास करने लगा। जब होमगार्ड ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो युवक ने धमकी दी, “हट जाओ, नहीं तो तुम्हें भी जला दूंगा।”
होमगार्ड रामवृक्ष कुशवाहा ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को रोका गया और बड़ी मुश्किल से उसे आत्मदाह करने से बचाया गया। होमगार्ड ने बताया कि यदि समय से स्थानीय लोग नहीं पहुंचते, तो युवक उसे भी जला सकता था। सूत्रों के अनुसार, युवक की बाइक शनिवार को चले व्यापक चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने जब्त कर ली थी, जिससे वह काफी नाराज था।
इस घटना के बाद होमगार्ड रामवृक्ष कुशवाहा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने युवक रामविलास यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक उस समय नशे में धुत पाया गया। उन्होंने कहा कि युवक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। होमगार्ड की बहादुरी की चारों ओर सराहना की जा रही है, जिनकी सूझबूझ से एक जान बचाई जा सकी।
