आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर पर 959 यात्रियों के भार के साथ हुआ सफल परीक्षण | agra news
आगरा मेट्रो के विस्तार की दिशा में प्रशासन ने एक और अहम मील का पत्थर पार कर लिया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनाए जा रहे दूसरे कॉरिडोर पर तकनीकी परीक्षण का दौर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में डिपो के एंट्री रैंप से लेकर सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के बीच महत्वपूर्ण प्री-आरडीएसओ आसिलेशन टेस्टिंग को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस परीक्षण के दौरान ट्रेन की लोड बेयरिंग क्षमता और ट्रैक की मजबूती को परखने के लिए अनूठा तरीका अपनाया गया। मेट्रो कोच के भीतर करीब 60 से 80 टन वजन के सैंड बैग यानी रेत से भरे बोरे रखे गए, जो ठीक 959 वास्तविक यात्रियों के कुल वजन के बराबर थे। भारी भरकम भार के साथ इस मेट्रो ट्रेन को 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से पटरी पर दौड़ाया गया। इस दौरान ट्रेन की स्थिरता, ब्रेकिंग सिस्टम और सिविल संरचना पर पड़ने वाले प्रभाव का बारीकी से मुआयना किया गया।
प्रशासन के अनुसार यह सफल परीक्षण इस बात का प्रमाण है कि परियोजना अपने निर्धारित मानकों पर पूरी तरह खरी उतर रही है। आगरा कैंट से कालिंदी विहार रूट पर सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलेक्ट्रेट और संजय प्लेस जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ने का काम चल रहा है। इस आधुनिक परिवहन सेवा के शुरू होने से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा, बल्कि आम नागरिकों को प्रदूषण मुक्त और तेज सफर का बेहतरीन विकल्प भी मिलेगा। आने वाले महीनों में इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
