सिर्फ एक दिन में ऐसे करें पूरे घर की डीप क्लीनिंग, किचन से बाथरूम तक चमकेगा हर कोना | diwali cleaning tips
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई का दौर शुरू हो जाता है। ऐसी मान्यता है कि साफ-सुथरे और जगमगाते घरों में ही मां लक्ष्मी का वास होता है। लेकिन कई बार व्यस्तता के कारण लोग समय के अभाव से जूझते हैं। ऐसे में सही रणनीति अपनाकर महज 24 घंटों के भीतर पूरे घर को चकाचक किया जा सकता है, जिससे आखिरी समय की भागदौड़ से बचा जा सके।
समान समेटने से करें शुरुआत
सफाई अभियान शुरू करने से पहले घर में इधर-उधर बिखरे सामान को व्यवस्थित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले कपड़े, किताबें और अन्य उपयोगी वस्तुओं को उनकी सही जगह पर रखें। जो चीजें महीनों से इस्तेमाल में नहीं आई हैं, उन्हें छांटकर बाहर कर दें। इससे न सिर्फ जगह खाली होगी बल्कि सफाई के दौरान आपका कीमती वक्त भी बचेगा।
कमरों और हॉल की चमक
बेडरूम की सफाई के लिए सबसे पहले बिस्तर की चादर और तकिए के कवर बदलें। इसके बाद अलमारी, पंखे, खिड़कियों और दरवाजों पर जमी धूल को नम कपड़े से साफ करें। वहीं, मेहमानों के स्वागत के मुख्य केंद्र यानी हॉल के सोफे, कुशन और टीवी कैबिनेट को चमकाएं। गंदे पर्दों को बदलकर ताजे पर्दे लगाएं, जिससे पूरे कमरे का माहौल खुशनुमा हो जाए।
किचन और बाथरूम की सफाई
किचन में गैस चूल्हे की चिकनाई हटाने के लिए गुनगुने पानी और डिशवॉश का इस्तेमाल करें। टाइલ્સ, सिंक और कैबिनेट को पोंछकर एक्सपायरी सामान हटा दें। इसके बाद बाथरूम के टॉयलेट सीट, वॉश बेसिन और नलों को क्लीनर से साफ करें। फर्श को अच्छे से धोकर सुखाने के बाद पूरे घर में फिनाइल का पोछा लगा दें, जिससे घर महक उठेगा।
