दिल्ली पुलिस ने 3.93 करोड़ की साइबर ठगी का किया भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार | cyber crime news
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 3.93 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को दबोचा है। यह पूरा मामला प्रिंस बंसल के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 5 अक्टूबर को हुए 149 अनाधिकृत और संदिग्ध लेनदेन से जुड़ा है, जिसके जरिए भारी रकम निकाली गई थी।
जांच के दायरे में विदेशी ऐप और हवाला लिंक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी गई इस रकम को कई स्तरों पर म्यूल बैंक खातों के जरिए ठिकाने लगाया गया था। आरोपियों ने बैंक खातों से नकदी निकालकर आगे पहुंचाई। इस मामले के तार विदेशी मनी-एक्सचेंज ऐप ‘यू होम’ और हवाला नेटवर्क से जुड़े होने का शक है। मुख्य आरोपी बृज लाल ने खुलासा किया कि उसने हवाला के जरिए ठगी के पैसों से यूएसडीटी खरीदे थे। बृज लाल राजस्थान के फलोदी का रहने वाला है और दिल्ली में दर्ज 95 लाख रुपये के एक अन्य साइबर फ्रॉड मामले में भी वांछित था।
राजस्थान में सात दिनों तक चली छापेमारी
आरोपियों की धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर और फलोदी जैसे इलाकों में लगातार सात दिनों तक अभियान चलाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 चेकबुक, 25 बैंक पासबुक, 45 एटीएम कार्ड और 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस बड़े खुलासे से आम जनता की गाढ़ी कमाई की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते खतरों पर लगाम कसने की जरूरत महसूस की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिए 1.78 करोड़ रुपये पर होल्ड करा दिया गया है और नेटवर्क के बाकी बचे गुर्गों की तलाश जारी है।
