वाराणसी में वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी | varanasi news
भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आसमान में शौर्य और पराक्रम का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस, भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंच चुके हैं और वे नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम आधारित हवाई प्रदर्शन को देख रहे हैं।
इस तीन दिवसीय एयर शो में भारतीय वायु सेना के अलावा थल सेना और नौसेना के विमान भी हिस्सा ले रहे हैं, जो तीनों सेनाओं के बीच बेहतरीन तालमेल और संयुक्त परिचालन का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड के साथ-साथ प्रसिद्ध ‘सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम’ और ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ भी अपने करतब दिखा रही हैं। इस आयोजन से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ देश की सामरिक ताकत का भी प्रदर्शन हो रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर काशी नगरी को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए पूरे शहर को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब-सेक्टर में बांटा गया है, जहाँ लगभग 11,900 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। यात्रा मार्ग पर डमरू दल, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। वाराणसी के इस कार्यक्रम के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ओडिशा के भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे, जहाँ वे रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
