इंडिया एआई फेलोशिप के तहत छात्रों को मिलेगी लाखों की वित्तीय मदद, पीएचडी शोधार्थियों को मिलेगा स्टाइपेंड | india ai fellowship
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडिया एआई फेलोशिप 2026-27 की शुरुआत की गई है। इस फेलोशिप के माध्यम से देश के मेधावी छात्रों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने शोध कार्यों को आगे बढ़ा सकें। तकनीक के इस दौर में यह फेलोशिप युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी।
योजना के तहत स्नातक स्तर के छात्रों को एक लाख रुपये और परास्नातक स्तर के विद्यार्थियों को दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, पीएचडी शोधार्थियों के लिए हर महीने 70,000 से 80,000 रुपये तक का आकर्षक स्टाइपेंड और सालाना दो लाख रुपये का रिसर्च ग्रांट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र स्वीकृत होने पर छात्रों को यात्रा और ठहरने के लिए एक लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी।
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के जरिए 30 नवंबर तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया के तहत संबंधित शैक्षणिक संस्थान की मंजूरी और गाइड के हस्ताक्षर 20 नवंबर तक पूरे करने होंगे। मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और कंप्यूटर विजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे छात्र इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
