बीवाईडी की नई एसयूवी का अनोखा वीडियो वायरल, तीन पहियों पर चलती दिखी कार | international news
चीन के लियानयुंगंग शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एसयूवी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रही फंगचेंगबाओ बाओ 8 (Fangchengbao Bao 8) कार पार्किंग में खड़ी थी और उसके एक पहिए पर क्लैंप लगा हुआ था। सामान्य परिस्थिति में गाड़ी को निकालना मुश्किल होता, लेकिन ड्राइवर ने तकनीकी का इस्तेमाल करते हुए पहिए को क्लैंप समेत जमीन से ऊपर उठाया और कार को वहां से सुरक्षित निकाल लिया। इस आधुनिक तकनीक ने वाहन चालकों के बीच नई चर्चा को जन्म दिया है।
ऐसे काम करती है तकनीक
इस पूरी प्रक्रिया के पीछे चीनी ऑटोमेकर की उन्नत तकनीक का कमाल है। दरअसल, इस कार में बीवाईडी का डिसुस-पी (DiSus-P) अल्ट्रा सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है। यह सिस्टम डुअल वॉल्व डैंपर के साथ आता है, जिसकी सहायता से वाहन के किसी भी एक पहिए को जमीन से ऊपर उठाया जा सकता है। इस तकनीक को मुख्य रूप से बिना जैक के टायर बदलने और कठिन ऑफ-रोडिंग परिस्थितियों में गाड़ी फंसने पर बाहर निकालने के लिए डिजाइन किया गया है।
कंपनी के दावों के अनुसार, यह सिस्टम लगभग 19000 पाउंड की लिफ्टिंग पावर प्रदान करने में सक्षम है। इसके जरिए पहिए को हवा में उठाकर गाड़ी को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक चलाया जा सकता है, जिससे आपातकालीन स्थिति में टायर या पहिए को नुकसान से बचाया जा सके। इस सस्पेंशन का एडजस्टमेंट ट्रैवल 200 एमएम तक है और एक टायर को 300 एमएम तक ऊपर उठाया जा सकता है।
दमदार फीचर्स और परफॉर्मेंस
बाओ 8 एक प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी है, जो बॉडी ऑन फ्रेम पर तैयार की गई है। इसमें 2.0 लीटर का टर्बो चार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे डुअल इलेक्ट्रिक मोटर का साथ मिलता है। यह एसयूवी 500kW की जबरदस्त पावर और 760 एनएम का टॉर्क जनरेट करती है। ऑल-व्हील ड्राइव से लैस यह गाड़ी महज 4.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। इस तरह की तकनीकी प्रगति आने वाले समय में वैश्विक ऑटोमोबाइल बाजार में प्रतिस्पर्धा को और अधिक बढ़ा सकती है।
