सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर किया डेब्यू, अपनी किताब की झलक की साझा | national politics
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कदम रखते हुए अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक देशवासियों के साथ साझा की है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में और पाठकों के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है, क्योंकि यह किताब उनके निजी जीवन के अनछुए पहलुओं को सामने लाएगी।
सामने आए वीडियो में पब्लिशिंग हाउस द्वारा सोनिया गांधी को उनकी किताब की प्रतियां भेंट की जाती हैं। पन्ने पलटते वक्त जब किताब में प्रियंका गांधी की तस्वीरों वाला पृष्ठ सामने आता है, तो सोनिया गांधी सहजता से कहती हैं, ‘लॉट्स ऑफ पिक्चर्स, प्रियंका’। इस वीडियो के साथ उन्होंने संदेश लिखा है कि यह किताब प्यार, जिम्मेदारी, गहरे दुखों और अपनी एक खास जगह तलाशने के सफर की दास्तान है, जिसे पाठकों के बीच लाने का वह लंबे समय से इंतजार कर रही थीं।
इस आत्मकथा के टीजर के अनुसार, यह कहानी उस दौर से शुरू होती है जब मात्र 18 वर्ष की आयु में उनकी मुलाकात कैंब्रिज में राजीव गांधी से हुई थी। इसके बाद 21 साल की कम उम्र में वह विदेशी जमीन छोड़कर भारत आईं और यहां के रंग में पूरी तरह ढल गईं। किताब में उनके द्वारा उठाए गए उन कदमों का जिक्र है, जिन्होंने उन्हें एक साधारण युवती से लेकर देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार की धुरी तक का सफर तय कराया। पाठकों के लिए यह कृति राजनीतिक इतिहास के साथ-साथ व्यक्तिगत संघर्षों को करीब से जानने का एक बड़ा जरिया बनेगी।
