छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण, चाकू की नोक पर यूपीआई से एक लाख ट्रांसफर | raigarh news
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में अपराध का एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने अपहरण के साथ-साथ डिजिटल ठगी का नायाब तरीका अपनाया। इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर को अपराधियों ने अपनी गिरफ्त में ले लिया और बंधक बनाकर उनके बैंक खातों को खाली कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला निवासी डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता शाम के समय डीपापारा के पास सैर कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें घेर लिया और डबरी की तरफ खींच ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू के बल पर डराया-धमकाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी गांव ले गए। वहां एक बंद कमरे में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल का पासवर्ड हासिल किया गया।
अपराधियों ने प्रोफेसर के मोबाइल में मौजूद गूगल पे और भीम एप के जरिए रकम ऐंठने की साजिश रची। उन्होंने एक महिला के क्यूआर कोड पर लगातार पैसे ट्रांसफर करवाए, जब तक कि खाते की दैनिक सीमा समाप्त नहीं हो गई। इस दौरान परिजनों को झांसा देने के लिए प्रोफेसर से घर पर फोन भी करवाया गया ताकि किसी को शक न हो। लेकिन, परिजनों का माथा ठनक गया और उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी। लोकेशन के आधार पर परिजन जब पंडरीपानी पहुंचे, तो बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि जिस महिला के खाते में पैसे ट्रांसफर हुए थे, उसका अपराधियों से क्या संबंध है और इस गिरोह में कितने अन्य लोग शामिल हैं।
