वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर आज प्रदर्शन करेगी आम आदमी पार्टी | delhi news
दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) बुधवार को दोपहर एक बजे दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के बाहर आयोजित होने वाले विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में पूरी ताकत के साथ उतरेगी। इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा ‘वोट चोरी’ और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियां बताया जा रहा है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज और अन्य प्रमुख पदाधिकारी कांग्रेस, वामपंथी दलों तथा अन्य विपक्षी संगठनों के साथ मिलकर इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे। ‘आप’ नेतृत्व ने अपने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जुटने की अपील की है। पार्टी का मानना है कि जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क पर उतरना बेहद जरूरी है, ताकि चुनावी पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों के जवाब मिल सकें।
इससे पहले, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एसआईआर के नाम पर वोट चोरी किए जाने का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने इसे सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा कि ऐसी गड़बड़ियां सहन नहीं की जाएंगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए देशव्यापी आंदोलन को बल देने की बात कही है।
उधर, मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने की मांग को लेकर कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, दीपेंदर हुड्डा, पवन खेड़ा, चरणजीत सिंह चन्नी समेत तृणमूल कांग्रेस के सांसद महुआ मोइत्रा और डेरेक ओ ब्रायन को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। विपक्ष के इस कड़े रुख से आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।
