अलीगढ़ में नाबालिग से गैंगरेप पर कांग्रेस का प्रदर्शन, फांसी की मांग
नोएडा में एक स्लीपर बस के भीतर नाबालिग से हुए गैंगरेप की घटना के विरोध में अलीगढ़ में कांग्रेसियों ने मैरिस रोड पर प्रदर्शन किया। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार ड्राइवर और कंडक्टर को फांसी की सजा देने की मांग की। राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसीएम प्रथम विवेक कुमार सिंह को सौंपा गया।
पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के दावे करती है, लेकिन हकीकत में प्रदेश में प्रतिदिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था के मोर्चे पर राज्य सरकार को पूरी तरह विफल बताया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान जिला अध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस जघन्य अपराध ने एक बार फिर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता की मांग है कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
