कानपुर में परंपरागत दंगल का दूसरा दिन, पहलवानों ने दिखाए कुश्ती के दांव-पेंच
कानपुर के मूसानगर कस्बे में रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में आयोजित परंपरागत दंगल का दूसरा दिन रविवार को पहलवानों के हैरतअंगेज कारनामों से भरा रहा। पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी और दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। आयोजकों ने विजयी पहलवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
कजरिया मेले के दूसरे दिन आयोजित इस दंगल का शुभारंभ चेयरमैन पति विनोद निषाद ने किया। झांसी के पहलवान मोहित ने कानपुर के अनिल को 11 सौ रुपये की कुश्ती में शिकस्त दी। वहीं, अकबरपुर के अहमद पहलवान और कानपुर के करन पहलवान के बीच एक कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जो बराबरी पर छूटा।
घाटमपुर के नरेंद्र ने कानपुर के सूरज को हराकर 11 सौ रुपये का इनाम जीता, जबकि नबीपुर के सुल्तान ने सूरज के खिलाफ दो हजार रुपये की कुश्ती जीतकर विजय हासिल की। इस दंगल में पहलवानों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर न केवल पुरस्कार जीते बल्कि दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। रेफरी की भूमिका रामबाबू और मुस्लिम कुरैशी ने निभाई।
