कानपुर: समाज कल्याण निदेशक ने छात्रावास में बच्चों संग किया भोजन, जानी समस्याएं
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने सोमवार देर शाम कानपुर के कल्याणपुर स्थित सर्वोदय विद्यालय छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ भोजन किया और उनकी समस्याओं को विस्तार से जाना। यह कदम लखनऊ के सर्वोदय विद्यालय में छात्रों के विरोध के बाद उठाया गया है, ताकि जमीनी हकीकत को समझा जा सके।
निदेशक ने छात्रावास के शौचालयों, रसोई, भोजनालय, छात्रों के कमरों और कक्षाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर रात का भोजन भी किया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष आकलन किया। छात्रों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, पढ़ाई और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। शिक्षकों से शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इस निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और छात्रावास में स्वच्छता, अनुशासन व बेहतर शैक्षणिक माहौल बना रहे। व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर भी मौजूद रहे।
