एकेटीयू देगा बेस्ट टीचर अवार्ड 2026, उत्कृष्ट शिक्षकों का होगा सम्मान
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) इस शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड-2026’ से सम्मानित करने जा रहा है। यह सम्मान विश्वविद्यालय परिसर में पांच सितंबर को आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह के दौरान दिया जाएगा। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध और घटक संस्थानों के शिक्षकों से 26 अगस्त की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पुरस्कार के लिए पात्रता मानदंडों में नियमित और पूर्णकालिक शिक्षक होना, एकेटीयू से संबद्ध या घटक संस्थान में कम से कम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव और वर्तमान संस्थान में कम से कम एक वर्ष कार्य करने का अनुभव शामिल है। इसके अतिरिक्त, 31 दिसंबर 2021 के बाद एकेटीयू संबद्धता के साथ एससीआईई, एसएससीआई या एचएससीआई इंडेक्स्ड जर्नल में कम से कम पांच शोध पत्र प्रकाशित होना एक अनिवार्य शर्त है। शिक्षक का अकादमिक स्कोर न्यूनतम आठ (10 में से) होना चाहिए।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले पांच वर्षों में एकेटीयू का बेस्ट टीचर अवार्ड प्राप्त कर चुके शिक्षक इस बार आवेदन के पात्र नहीं होंगे। चयन प्रक्रिया में शोध पत्रों के इम्पैक्ट फैक्टर, साइटेशन, एच-इंडेक्स, प्रकाशित पुस्तकों, पेटेंट, शोध परियोजनाओं, अकादमिक व प्रशासनिक कार्यों, ई-कंटेंट निर्माण, सामाजिक गतिविधियों और संस्थान की गुणवत्ता संबंधी गतिविधियों में शिक्षक के योगदान को महत्व दिया जाएगा। यह पहल शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक और शोध कार्यों के लिए प्रोत्साहित करेगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के उच्च शिक्षा स्तर को मिलेगा।
