कानपुर देहात: दिव्यांग बंदियों को मिलेंगी जेल में बेहतर सुविधाएं, डीएम ने दिए निर्देश
कानपुर देहात के जिला अधिकारी (डीएम) कपिल सिंह ने जेल में बंद दिव्यांग कैदियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि दिव्यांग बंदियों को उनकी आवश्यकतानुसार सम्मानजनक, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले। इसके लिए ब्रेल लिपि में पठन-सामग्री, सांकेतिक भाषा और अन्य सुगम माध्यमों की व्यवस्था की जाए। जेल परिसर में सुगम शौचालय, स्नानघर और संवेदनशील वातावरण बनाने पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को दिव्यांग बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, फिजियोथेरेपी, मनोचिकित्सकीय परामर्श और मनोसामाजिक सहयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। व्हीलचेयर, बैसाखी जैसे सहायक उपकरणों की उपलब्धता और दिव्यांगता के अनुरूप पौष्टिक आहार देने के निर्देश भी दिए गए। कैदियों को शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके समावेशी विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। जेल में प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली स्थापित करने और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।
