आगरा में प्रभु श्रीराम नंदन क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण, बच्चों को मिला नया खेल मैदान
आगरा के शमसाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत मीरपुर को जिला पंचायत विभाग से एक बड़ी सौगात मिली है। यहां चिल्ड्रन पार्क के निर्माण का कार्य पूरा हो गया है, जिसे प्रभु श्रीराम नंदन क्रीड़ा स्थल नाम दिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने स्थानीय लोगों की उपस्थिति में इसका लोकार्पण किया और पार्क को ग्रामवासियों के सुपुर्द कर दिया।
खाली पड़ी सरकारी जमीन पर करीब 24.98 लाख रुपये की लागत से इस पार्क का निर्माण किया गया है। पार्क के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनाई गई है। इसके साथ ही, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है। पार्क के भीतर एक मल्टीपर्पज हॉल भी बनाया गया है, जिसे विशेष रूप से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की बैठकों के लिए तैयार किया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए हैं।
इस पार्क की एक खास बात यह भी है कि स्थानीय निवासी यहां अपने वैवाहिक और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे। पार्क के लोकार्पण के अवसर पर स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक नया स्थान मिला है।
