कानपुर में चोरों का आतंक, बाबूपुरवा में एक रात में दो घरों में सेंध, लाखों की चोरी
कानपुर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दो घरों में घुसकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने एक घर से नकदी और मोबाइल चुराए, जबकि दूसरे घर से भी नकदी और मोबाइल गायब मिले।
जानकारी के अनुसार, बाबूपुरवा के अजीतगंज निवासी कारपेंटर शकील अहमद ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उनके घर में चोरों ने घुसपैठ की। चोर पाइप के सहारे तीसरी मंजिल पर चढ़कर घर में घुसे और अलमारी से करीब 8 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चुरा ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो सामान बिखरा देख चोरी का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध चोर घर में घुसता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, यह चोर शकील के घर चोरी करने से पहले पड़ोस में रहने वाले अकील अहमद के घर भी घुसा था। अकील अहमद ने बताया कि उनके घर से तीन मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर का माहौल है कि चोरों ने इतनी आसानी से घरों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बाबूपुरवा इंस्पेक्टर नीरज ओझा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्ध की पहचान और धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
