यूपी में 73184 नए घर मंजूर, PM Awas Yojana से बेघर परिवारों को मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 73,184 नए आवासों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस स्वीकृति के साथ ही प्रदेश में योजना के बीएलसी घटक के तहत कुल स्वीकृत आवासों की संख्या बढ़कर 4,88,526 हो गई है। यह निर्णय राज्य स्तरीय स्वीकृति और निगरानी समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव एसपी गोयल ने की।
इस पहल से हजारों बेघर परिवारों को अपना पक्का घर मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य लक्ष्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को आवास सुविधा प्रदान करना है। उत्तर प्रदेश सरकार इस योजना को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वीकृत परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने और परियोजनाओं की निरंतर निगरानी पर जोर दिया। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्यों में कोई अनावश्यक विलंब न हो।
स्वीकृत आवासों में बिजली, पेयजल, शौचालय और रसोई गैस कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। इससे शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय निकायों में विकास कार्यों में तेजी आएगी।
