वाराणसी में 500 बेड का अत्याधुनिक महिला छात्रावास बनेगा, सरकारी भूमि निशुल्क हस्तांतरित
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वाराणसी में 500 कामकाजी महिलाओं के लिए एक अत्याधुनिक छात्रावास के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए 6,000 वर्गमीटर सरकारी भूमि महिला कल्याण विभाग को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी।
यह भूमि, जो पहले हरिज़न इंडस्ट्रियल गवर्नमेंट, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम पर दर्ज थी, अब महिला कल्याण विभाग के अधीन होगी। इस छात्रावास का निर्माण पूरी तरह से राज्य सरकार के वित्त पोषण से किया जाएगा। यह कदम प्रदेश में बढ़ती महिला कार्यबल की आवास संबंधी जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
महिला कल्याण विभाग इस छात्रावास योजना का संचालन ‘नॉन-कॉमर्शियल, नो प्रॉफिट-नो लॉस’ सिद्धांत पर करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सस्ती दरों पर सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है। इस पहल से महिलाओं को अपने कार्यस्थल के पास सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, कैबिनेट ने वाराणसी स्थित वसंत महिला महाविद्यालय में 112 छात्राओं के लिए एक नए छात्रावास भवन के निर्माण को भी मंजूरी दी है। 248.30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह छात्रावास उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
