Agra News: बालिका को बाइक सवार ने छोड़ा, कार वाले की बात निकली झूठी
आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर से एक 10 वर्षीय बालिका के डांस एकेडमी से लापता होने और फिरौती की सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस की चार टीमें इस मामले की जांच में जुटी थीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फुटेज के अनुसार, बालिका को एक बाइक सवार ऋषि मार्ग के पास छोड़कर गया था, जिसके बाद वह पैदल ही घर पहुंची। यह घटना शुक्रवार शाम की है जब पिता ने अपनी बेटी को डांस एकेडमी में छोड़ा था।
जब पिता रात में बेटी को लेने पहुंचे तो वह नहीं मिली। एकेडमी में पता चला कि वह आई ही नहीं थी। इसी बीच घर पर फिरौती का पत्र मिला, जिसमें एक लाख रुपये की मांग की गई थी। हालांकि, रात 8:51 बजे बालिका सकुशल घर लौट आई। शुरुआत में पिता ने पुलिस को बताया था कि बेटी को कोई कार वाला छोड़कर गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने इस बात को गलत साबित कर दिया।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि बालिका पैदल ही घर आते दिखी है। पुलिस ने आगे की जांच में पाया कि उसे एक बाइक सवार ने शाहगंज की तरफ से आकर छोड़ा था। पुलिस अब उस बाइक सवार की तलाश कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि फिरौती का पत्र किसने डाला। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले में कोई साजिश हो सकती है, क्योंकि बेटी के एकेडमी न पहुंचने, फिरौती का पत्र आने और फिर खुद ही घर लौट आने जैसी बातें पहेली बनी हुई हैं। पुलिस के लिए सबसे बड़ी राहत बालिका का सकुशल लौटना है और वह जल्द ही सभी रहस्यों से पर्दा उठाने का दावा कर रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया था।
