रिश्वतकांड: जेई संघ ने ठेकेदार के खिलाफ खोला मोर्चा, उच्च स्तरीय जांच की मांग
कानपुर देहात में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अवर अभियंता (जेई) रंगलाल पाल के मामले में अब राज्य विद्युत परिषद जेई संघ ने ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जेई संघ ने इस गिरफ्तारी को साजिश बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। संघ का आरोप है कि ठेकेदार पुनीत सिंह पूर्व में ब्लैक लिस्टेड रहा है और उसके खिलाफ थाने में तहरीर भी दी गई थी।
संघ ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त ठेकेदार ने हाल ही में विभागीय नियमों का उल्लंघन कर एक 11केवीए बिजली लाइन को अवैध तरीके से शिफ्ट किया था। जेई रंगलाल पाल ने इस अनियमितता के खिलाफ ठेकेदार के विरुद्ध थाने में तहरीर दी थी, जिससे बौखलाकर ठेकेदार ने जेई के खिलाफ झूठी शिकायत की। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार पर चोरी कराने और विभागीय कर्मियों को प्रताड़ित करने के भी आरोप हैं। संघ का मानना है कि मामले में कुछ अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है, इसलिए इसकी जांच किसी अन्य डिवीजन से कराई जानी चाहिए। इस घटना से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है।
