राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी कानपुर में AI पर मंथन, शिक्षा क्षेत्र में नवाचार पर जोर
कानपुर शहर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित उपयोग पर मंथन का गवाह बनेगा। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों, कृषि, तकनीकी और चिकित्सा विश्वविद्यालयों के कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी और एआई के नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
यह एआई मंथन शिक्षा, इंडस्ट्री, फाइनेंस और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई के उपयोग की संभावनाओं और जिम्मेदारियों पर केंद्रित होगा। देश के प्रमुख एआई विशेषज्ञ और विभिन्न उद्योगों के सीईओ, सीओओ भी इसमें अपने विचार रखेंगे। इस मंथन का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में शिक्षा, प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम निर्माण और प्रशासनिक कार्यों में एआई को प्रभावी ढंग से शामिल करने की रणनीति तैयार करना है। साथ ही, साइबर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एआई के जिम्मेदार उपयोग पर भी गहन चर्चा की जाएगी।
इस आयोजन से प्राप्त रिपोर्ट प्रदेश और केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी, जो भविष्य में विश्वविद्यालयों में एआई के समावेश की दिशा तय करेगी। इससे पहले भी सीएसजेएमयू राज्यपाल की अध्यक्षता में शिक्षा मंथन जैसे सफल आयोजनों का गवाह रहा है, जिसने शिक्षा क्षेत्र में नई दिशाएं दिखाई हैं।
