Lucknow News: चातुर्मास के लिए जैन मंदिरों में भव्य आयोजन की तैयारी
लखनऊ का जैन समाज आगामी पावन चातुर्मास के आगमन से पूर्व ही भक्ति और अध्यात्म के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गया है। शहर के जैन मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन शुरू हो चुके हैं। यहियागंज में उपाध्याय 108 श्री विहसंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में समाधि सम्राट चक्रवर्ती पूज्य विराग सागर जी महामुनिराज का तृतीय समाधि महोत्सव अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा, जिसमें विशेष श्रीजी पूजन, गुरु अर्चना एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा।
वहीं, चौक स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनि श्री सौम्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में पूजन-अर्चना, सामूहिक गुरु वंदना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। जैन समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, चातुर्मास से पूर्व आयोजित हो रहे ये कार्यक्रम समाज में संयम, साधना और गुरु भक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य करेंगे। इन आयोजनों से शहरवासियों को आध्यात्मिक शांति और धार्मिकता का अनुभव मिलेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने समस्त जैन समाज से इन आयोजनों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
