लखनऊ: किसान पथ पर सीएनजी सिलेंडर ट्रक में लगी आग, बड़ा हादसा टला
लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में किसान पथ पर शुक्रवार तड़के सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकलों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू हुआ। पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट करके यातायात संचालन कराया। कुछ ही देर में ट्रक की आग पर काबू पा लिया गया। सीएनजी सिलेंडरों में आग की लपटें नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, चालक आग लगे ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
यह घटना शुक्रवार तड़के करीब चार बजे कांशीराम कॉलोनी के पास हुई, जब चलती ट्रक के पहियों में आग लगी देख अन्य वाहन चालकों ने चालक को सूचित किया। चालक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ी कर दी, लेकिन आग की सूचना देने के बजाय मौके से भाग गया। सीएनजी ट्रक में आग लगने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर सरोजनी नगर पुलिस और आलमबाग फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घेराबंदी कर आग बुझानी शुरू की और कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस ने यातायात को दूसरी ओर से संचालित करवाया। दमकल कर्मियों की सतर्कता से सीएनजी सिलेंडरों तक आग नहीं पहुंची और एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। वाहन चालक के फरार होने के कारण पुलिस को ट्रक मालिक या अन्य जानकारी नहीं मिल सकी।
