पुखरायां सीएचसी में पोल मीटर में शार्ट सर्किट से लगी आग, अफरा-तफरी का माहौल
पुखरायां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार की सुबह एक अप्रिय घटना घटी। परिसर में लगे बिजली के पोल पर लगे मीटर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इस घटना से अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों और मरीजों के तीमारदारों के बीच हड़कंप मच गया।
आग की लपटें उठते देख तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग कर आग पर काबू पा लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी।
इस बीच, बिजली विभाग के संविदा लाइनमैन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद कराने के बाद आग लगने के कारणों की जांच की और पोल में आवश्यक मरम्मत कार्य किया। मरम्मत के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनूप सचान ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी और बिजली विभाग द्वारा मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस घटना से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा, लेकिन इसने बिजली सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
